डिंडौरी न्यूज। नर्मदा स्वच्छता को लेकर डिंडौरी से एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आ रही है, जहां वर्षों से जिला प्रशासन और आमजन की सहभागिता से “मैया अभियान” के तहत हर रविवार नर्मदा तट पर नियमित सफाई अभियान चलाया जा रहा है। यह पहल अब एक जनआंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी देखने को मिल रही है।
रविवार को शंकर घाट पर आयोजित अभियान में अधिकारी, कर्मचारी और आम नागरिकों ने मिलकर श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया। घाट पर सुबह से ही लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। किसी ने झाड़ू संभाली, किसी ने कचरा एकत्र किया, तो कई लोग नदी में उतरकर गंदगी बाहर निकालते नजर आए।

इस दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया टोकरी उठाकर सफाई करती दिखाई दीं। उनका यह जमीनी जुड़ाव और सक्रिय भागीदारी अभियान में शामिल लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनी। कलेक्टर ने श्रमदान करते हुए नागरिकों से अपील की कि वे अपने शहर और गांव की साफ-सफाई में नियमित रूप से सहयोग करें और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाएं।
कलेक्टर ने कहा कि “मैया अभियान” केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा करना है, ताकि मां नर्मदा सदैव स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनी रहें। उन्होंने कहा कि जब तक आमजन की सहभागिता नहीं होगी, तब तक ऐसे अभियानों की सफलता अधूरी रहेगी।
अभियान में एसडीएम राम बाबू देवांगन, संयुक्त कलेक्टर भारती मरावी, सीएमओ अमित तिवारी सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी और स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। नर्मदा स्वच्छता के लिए प्रशासन और जनता की यह साझेदारी डिंडौरी में जनभागीदारी आधारित विकास और पर्यावरण संरक्षण की एक मजबूत मिसाल बनकर उभर रही है।










