डिंडौरी। महिला एवं बाल विकास परियोजना कार्यालय समनापुर द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह-2025 के तहत 27 सितंबर को विशेष कार्यक्रम का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, बच्चों, किशोरियों और महिलाओं ने भाग लेकर लाभ उठाया।
आयोजन में विभाग द्वारा टी.एच.आर. (टेक होम राशन) से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने हितग्राहियों को यह समझाया कि रोजमर्रा की सामग्री से कैसे पोषक तत्वों से भरपूर व्यंजन तैयार किए जा सकते हैं और उनका संतुलित आहार स्वास्थ्य के लिए कितना आवश्यक है।

कार्यक्रम में “स्वस्थ माता – स्वस्थ बच्चा – स्वस्थ किशोरी – स्वस्थ कर्मचारी” विषय पर प्रतियोगिता भी रखी गई। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और पोषण संबंधी अपने विचारों तथा जानकारी का आदान-प्रदान किया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी अयोध्या सिंह राठौड़, स्वास्थ्य विभाग के बीएमओ डॉ. पी.एस. कुशराम, पर्यवेक्षक स्वप्निल पूरी, अरुणा मेश्राम, श्याम गुड़िया, सरिता इंवाती, बसंती धुर्वे, जया मिश्रा सहित सभी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएँ मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में शामिल अधिकारियों और विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बताया कि संतुलित आहार न केवल बच्चों की शारीरिक वृद्धि और मानसिक विकास में सहायक है, बल्कि किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और कर्मचारियों के लिए भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ परिवार ही स्वस्थ समाज की नींव रखता है।”
बड़ी संख्या में बच्चों, किशोरियों और ग्रामीणजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को पोषण, स्वास्थ्य और संतुलित आहार के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।







