—Advertisement—

हरियाली कलश यात्रा में गूंजी नारी शक्ति की आवाज़, पर्यावरण संरक्षण की ओर ठोस कदम

एडीटर: Chetram Rajpoot July 29, 2025

—Advertisement—

– बघरा व पडरिया माल में नवांकुर सखियों ने दिखाई हरियाली की राह

डिंडौरी न्यूज़ । मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद्, विकासखंड डिंडोरी के तत्वावधान में पर्यावरण संरक्षण एवं नारी सशक्तिकरण को समर्पित “नवांकुर सखी” कार्यक्रम के तहत आदर्श ग्राम बाघरा एवं पडरिया माल स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में “हरियाली कलश यात्रा” का भव्य आयोजन किया गया। यह आयोजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुसार “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत किया गया, जिसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और पूजा अर्चना से हुई। इसके पश्चात तिलक वंदन एवं श्रीफल भेंट कर अतिथियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम का मार्गदर्शन जिला समन्वयक धर्मेन्द्र चौहान एवं नेतृत्व विकासखंड समन्वयक गणेश सिंह राजपूत ने किया। आयोजन में नवांकुर संस्था दुहनिया एवं सेक्टर क्रमांक 2 और 5 की नवांकुर सखियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित ब्लॉक समन्वयक गणेश सिंह राजपूत ने “हरियाली कलश यात्रा” की रूपरेखा प्रस्तुत की एवं मंडल अध्यक्ष अंकित कुमार गुप्ता ने महिलाओं को संबोधित करते हुए पर्यावरण सरंक्षण में उनकी अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। शिक्षक अमृत सिंह मरावी ने पर्यावरण संरक्षण के वैज्ञानिक पहलुओं पर सभी को जागरूक किया।

हरियाली रैली के समापन के बाद प्रत्येक नवांकुर सखी को 11-11 पौधे भेंट किए गए, उन्हें रोपण एवं संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई। यह प्रतीकात्मक सम्मान महिलाओं को प्रकृति से जोड़ने की एक सशक्त पहल रही। कार्यक्रम के अंत में धीर सिंह टेकाम ने सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अंकित गुप्ता, साकोप सिंह, श्याम राजू गुप्ता, रतन सिंह टेकाम, राजेंद्र सिंह टेकाम, गजरूप कुशराम, रामप्रसाद आरमो, श्रीराम टेकाम, नेम उईके, धीरज धुर्वे, श्याम सिंह धुर्वे, कन्हैया सरोते, शिखर चंद धुर्वे, तीरथ श्याम, कमला धुर्वे सहित बड़ी संख्या में जन अभियान परिषद के मेंटर्स, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थी, नवांकुर सखियां एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment