डिंडौरी न्यूज । नगर परिषद डिंडौरी द्वारा प्लेट्स प्रिंटिंग कार्य हेतु निकाले गए टेंडर में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस संबंध में प्रो. रोहित कांस्कर ने विगत दिनांक 3 जून 2025 को कलेक्टर डिंडौरी को एक लिखित आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर परिषद द्वारा हाल ही में फ्लैक्स प्रिंटिंग कार्य के लिए टेंडर आमंत्रित किया गया था, जिसमें बिरासनी ट्रेडर्स द्वारा कुछ वस्तुओं की दरें बाजार मूल्य से बेहद कम प्रस्तुत की गईं। आवेदनकर्ता ने बताया कि बिरासनी ट्रेडर्स ने टी-शर्ट प्रिंटिंग, कैप प्रिंटिंग तथा झंडा प्रिंटिंग जैसी सामग्री की दर मात्र 0.100 पैसे प्रति यूनिट दर्ज की है, जोकि व्यावहारिकता और बाज़ार दर के पूर्णतः विपरीत है।
इतनी कम दर डालने के बावजूद बिना वस्तुतः गुणवत्ता या संभाव्यता की जांच किए, केवल एल-1 सबसे न्यूनतम दरदाता होने के आधार पर उक्त संस्था को टेंडर आवंटित कर दिया गया। प्रार्थी ने इसे नियमों का खुला उल्लंघन बताते हुए आपत्ति जताई है।
प्रो. रोहित कांस्कर ने अपने आवेदन में कहा है कि यह संदेहास्पद प्रक्रिया न केवल पारदर्शिता के खिलाफ है, बल्कि इससे शासन के राजस्व को भी नुकसान हो सकता है। उन्होंने मांग की है कि टेंडर की प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। प्रो. कांस्कर ने इस संदर्भ में नगर परिषद के संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की अनियमितताएं बिना जांच के स्वीकृत होती रहीं, तो आने वाले समय में जनहित के कार्यों में भारी गड़बड़ियां सामने आ सकती हैं।







