– लाल सिंह आर्य राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र पटेल राष्ट्रीय महामंत्री और कविता पाटीदार राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त
– किसान मोर्चा की राष्ट्रीय जिम्मेदारी बंशीलाल गुर्जर को, नई राष्ट्रीय टीम में कई राज्यों के नेताओं को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नबीन द्वारा पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों पर सदस्यों की नियुक्तियां की गई हैं। भाजपा केंद्रीय कार्यालय से 17 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। घोषित नई टीम में मध्यप्रदेश को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। श्री लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, श्री गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री तथा श्रीमती कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं किसान मोर्चा में मध्यप्रदेश के श्री बंशीलाल गुर्जर को राष्ट्रीय किसान मोर्चा अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों को मध्यप्रदेश भाजपा के संगठनात्मक प्रभाव और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की बढ़ती भूमिका के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
– राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में 13 नेताओं को जिम्मेदारी
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के रूप में कुल 13 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें राजस्थान की श्रीमती वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के श्री तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के श्री राम माधव, ओडिशा के श्री बैजयंत जय पांडा, आंध्र प्रदेश की श्रीमती डी. पुरंदेश्वरी, उत्तर प्रदेश की श्रीमती रेखा वर्मा, गुजरात की श्रीमती वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की श्रीमती (डॉ.) भारती प्रवीन पवार, पंजाब के सरदार मनप्रीत सिंह बादल, मध्यप्रदेश के श्री लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के प्रो. एम. नागराज, उत्तर प्रदेश के प्रो. तारिक मंसूर तथा पश्चिम बंगाल की श्रीमती (डॉ.) मृधुचंद कर शामिल हैं।
– गजेंद्र पटेल बने राष्ट्रीय महामंत्री
नई नियुक्तियों में मध्यप्रदेश के लिए सबसे अहम नामों में श्री गजेंद्र पटेल का नाम शामिल है। उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन के पद पर श्री बी.एल. संतोष को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि श्री शिवप्रकाश और श्री सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) बनाया गया है।
राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में श्री विनोद तावड़े, श्री सुनील बंसल, श्री दिलीप कुमार घोष, श्रीमती स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, श्री गजेंद्र पटेल, श्री हरीश द्विवेदी और श्री संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।
– कविता पाटीदार समेत 16 राष्ट्रीय मंत्री
भाजपा की नई टीम में राष्ट्रीय मंत्री के रूप में कुल 16 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें मध्यप्रदेश की श्रीमती कविता पाटीदार के अलावा केरल के श्री के. सुरेंद्रन, उत्तर प्रदेश के डॉ. भोला सिंह, झारखंड के डॉ. प्रदीप वर्मा, गुजरात के श्री जगदीश ईश्वरभाई पटेल, दिल्ली के डॉ. संदीप पाठक, नागालैंड की श्रीमती फांगनोन कोन्याक, उत्तर प्रदेश की श्रीमती संगीता यादव, केरल के श्री अनिल एंटनी, तमिलनाडु के डॉ. एम. वेंकटेशन, पश्चिम बंगाल के श्री मनोज तिग्गा, बिहार के श्री सिद्धार्थ शंभू, दिल्ली के डॉ. स्वदेश सिंह, असम के श्री मृणांका देव बर्मन, गुजरात के श्री रोहन गुप्ता और दिल्ली के श्री जय प्रकाश शामिल हैं।
– राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और सह कोषाध्यक्ष भी नियुक्त
नई संगठनात्मक व्यवस्था में श्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष तथा राजस्थान के श्री राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा पंजाब के श्री तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी और उत्तराखंड के श्री महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री बनाया गया है।





– नॉर्थ ईस्ट से लेकर प्रकोष्ठों तक नई जिम्मेदारियां
भाजपा ने संगठन को विभिन्न क्षेत्रों और प्रकोष्ठों में भी नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। ओडिशा के डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट संयोजक तथा दिल्ली के श्री राजीव बब्बर को नॉर्थ ईस्ट सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।
मध्यप्रदेश के श्री विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। बिहार के श्री ऋतुराज सिन्हा और आंध्र प्रदेश के श्री विष्णु वर्धन रेड्डी को प्रकोष्ठ संकुल सह-संयोजक बनाया गया है।
– सात मोर्चों की कमान भी तय
भाजपा की नई राष्ट्रीय व्यवस्था में विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारियां भी तय की गई हैं। गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, छत्तीसगढ़ की श्रीमती रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा, उत्तर प्रदेश के श्री अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा, मध्यप्रदेश के श्री बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा, बिहार के श्री शिवेश कुमार राम को एससी मोर्चा, राजस्थान के डॉ. मनलाल रावत को एसटी मोर्चा तथा उत्तर प्रदेश के श्री कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
– मध्यप्रदेश को मिला मजबूत राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व
भाजपा की घोषित राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश से कई नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलना प्रदेश संगठन के लिए अहम माना जा रहा है। लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, गजेंद्र पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री, कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री, विष्णु दत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल संयोजक और बंशीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय संगठन में मजबूत उपस्थिति दिखाई दी है।
नई नियुक्तियों के साथ भाजपा ने राष्ट्रीय संगठन को व्यापक क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व देने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों, युवा, महिला, किसान, ओबीसी, एससी, एसटी एवं अल्पसंख्यक मोर्चों को भी स्पष्ट नेतृत्व प्रदान किया है। पार्टी की यह नई टीम आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और राजनीतिक रणनीति को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।












