डिंडौरी न्यूज। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, धमनगांव की प्रभारी प्राचार्य श्रीमती अल्का विश्वकर्मा ने बताया कि विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं एवं कक्षा 11वीं में प्रवेश हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है।
उन्होंने बताया कि कक्षा 11वीं (कला संकाय/मानविकी) में प्रवेश के लिए ऑफलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इसके लिए अभ्यर्थी का डिंडौरी जिले के किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से सत्र 2025-26 में कक्षा 10वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इच्छुक विद्यार्थी 20 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र विद्यालय कार्यालय से कार्यालयीन दिवसों में प्राप्त किए जा सकते हैं अथवा नवोदय विद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं अथवा विद्यालय https://navodaya.gov.in/nvs/nvs-school/DINDORI/en वेवसाइट से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
इसके साथ ही कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है। इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले छात्र-छात्रा का सत्र 2026-27 में डिंडौरी जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत होना तथा उसकी जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के मध्य होना अनिवार्य है।
प्रभारी प्राचार्य ने पात्र विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है, ताकि वे जवाहर नवोदय विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क आवासीय शिक्षा का लाभ प्राप्त कर सकें।







