डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती अंजू भदौरिया के मार्गदर्शन में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित “ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण आरोह-2026” के अंतर्गत रविवार को नर्मदा डैम घाट पर विशेष संडे स्विमिंग एवं फिटनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसडीईआरएफ (SDERF) के प्रशिक्षित जवानों द्वारा बच्चों और खिलाड़ियों को तैराकी का प्रशिक्षण दिया गया, वहीं नर्मदा तट के मनोहारी एवं प्राकृतिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति प्रेरित किया।
गौरतलब है कि जिले में 5 मई से 5 जून तक चल रहे ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के तहत विभिन्न खेल गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में आयोजित विशेष संडे स्विमिंग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान एरोबिक्स, योग एवं सामूहिक फिटनेस गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में बच्चों के साथ उनके परिवारजनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा सामुदायिक सहभागिता की भावना विकसित करना रहा, ताकि वे मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर जीवन में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के जिला खेल अधिकारी, ब्लॉक समन्वयक मोहम्मद अहमद खान, डॉ. संतोष परस्ते, मिथिलेश झरिया, मनोज चौकसे, जागेश्वर पदवार, सीआरपी कुशवाहा, चेतराम अहिरवार, आरती सोंधिया, सुनीता, लक्ष्मी बनावल, राजकुमार, अनीता (मार्शल आर्ट प्रशिक्षक), एरोबिक्स प्रशिक्षक आदर्श परस्ते सहित अन्य प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कलेक्टर श्रीमती अंजू भदौरिया ने प्रत्येक रविवार को इस प्रकार की खेल एवं फिटनेस गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से आमजन विशेषकर युवा पीढ़ी खेलों से जुड़कर स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित होगी।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से आगामी रविवार को भी अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का हिस्सा बनने की अपील की। नर्मदा तट के शांत, प्राकृतिक एवं सकारात्मक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने सभी प्रतिभागियों को नई ऊर्जा, उत्साह और प्रेरणा से भर दिया।












