—Advertisement—

कैमरे में कैद हुई धोखाधड़ी: पैसे लेते दिखे साहूकार, गहने देने के नाम पर पलटे,वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

एडीटर: Chetram Rajpoot March 15, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में गिरवी रखे गए गहना-जेवरात वापस न मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम देवरा, पोस्ट मुड़की निवासी लक्ष्मण दुबे ने कोतवाली थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि वर्ष 2016 में पारिवारिक संकट के चलते उन्होंने गोलू जैन और बबलू जैन के पास अपने गहने गिरवी रखकर 2 लाख 50 हजार रुपये का कर्ज लिया था। अब पूरा कर्ज और ब्याज चुकाने के बावजूद भी उन्हें उनका सामान वापस नहीं मिल रहा है।

पीड़ित लक्ष्मण दुबे ने बताया कि वर्ष 2016 में उनके छोटे भाई ज्ञानेश्वर दुबे आग से गंभीर रूप से झुलस गए थे। उनके इलाज के लिए तत्काल पैसों की जरूरत पड़ी, जिसके चलते उन्होंने गोलू और बबलू जैन के पास अपने गहना-जेवरात गिरवी रखकर 2 प्रतिशत मासिक ब्याज की दर से 2,50,000 रुपये उधार लिए थे।

लक्ष्मण दुबे के अनुसार उन्होंने समय-समय पर किस्तों में रकम लौटाई। वर्ष 2020 में 30 हजार रुपये, वर्ष 2021 में 25 हजार रुपये और वर्ष 2022 में 20 हजार रुपये नगद लौटाकर कुल 75 हजार रुपये वापस कर दिए। इसके बाद 22 फरवरी 2026 को उन्होंने मूल और ब्याज सहित कुल लगभग 7 लाख रुपये का भुगतान कर दिया, जिसमें 7 लाख रुपये नगद और 20 हजार रुपये का चेक भी शामिल है।

पीड़ित का आरोप है कि इतनी बड़ी रकम चुकाने के बाद भी गिरवी रखे गए गहने पूरी तरह वापस नहीं किए गए। उन्हें केवल कुछ आधे-अधूरे जेवर लौटाए गए, जबकि बाकी गहनों को देने से टालमटोल किया जा रहा है।

लक्ष्मण दुबे ने बताया कि पिछले दो वर्षों से वे कई बार गोलू जैन और बबलू जैन से संपर्क कर गिरवी गहनों का हिसाब करने और उन्हें वापस लेने की बात कर चुके हैं, लेकिन हर बार बहाना बनाकर टाल दिया जाता है। 29 जनवरी 2026 को उन्होंने गोलू और बबलू जैन के परिजनों से भी इस संबंध में चर्चा की, लेकिन वहां से भी कोई समाधान नहीं निकल पाया।

पीड़ित ने कोतवाली थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मांग की है कि बबलू जैन के पास गिरवी रखे उनके गहना-जेवरात का सही हिसाब कराकर उन्हें वापस दिलाया जाए। उनका कहना है कि थाने में शिकायत करने के बाद फिलहाल मामले में जांच कराने की बात कही जा रही है।

इधर इस पूरे लेनदेन से जुड़े कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में बबलू जैन लाखों रुपये नगद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में गहनों की मांग करने पर लेनदेन से ही इंकार करते नजर आ रहे हैं।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment