भोपाल | मध्यप्रदेश शासन ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों के नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। यह आदेश सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी किए गए हैं, जो आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से प्रभावशील रहेंगे।
जारी आदेश के अनुसार श्री साकेत मालवीय (भाप्रसे–2014), वर्तमान में संचालक, कर्मचारी चयन मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल के पद पर पदस्थ थे। उन्हें अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक स्थानापन्न रूप से कलेक्टर, जिला अशोकनगर के पद पर नियुक्त किया गया है।
वहीं श्री आदित्य सिंह (भाप्रसे–2014), जो अब तक कलेक्टर, जिला अशोकनगर के पद पर कार्यरत थे, उन्हें संचालक, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास, भोपाल के पद पर नवीन पदस्थापना दी गई है। इसके साथ ही उन्हें उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
इसके अतिरिक्त आदेश में उल्लेख है कि श्री अजय कटेसरिया (भाप्रसे–2012), अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग को अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक संचालक, कर्मचारी चयन मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
शासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि ये सभी पदस्थापनाएं अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेंगी। प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों को सुचारु एवं प्रभावी बनाना है।









