—Advertisement—

शहपुरा में सोनम वांगचुक के समर्थन में गूंजे नारे, आम आदमी पार्टी ने किया विरोध प्रदर्शन

एडीटर: Chetram Rajpoot July 19, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

शहपुरा /डिंडौरी । लद्दाख के प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक के समर्थन में आम आदमी पार्टी जिला डिंडौरी द्वारा शुक्रवार को शहपुरा में कैंडल मार्च एवं विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण मार्च निकालकर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और केंद्र सरकार से सोनम वांगचुक की मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान निकालने की मांग की।

आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर अनशन पर बैठे थे। उनका आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें अचानक हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। इसी के विरोध में डिंडौरी जिले के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर उनके प्रति समर्थन व्यक्त किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सोनम वांगचुक के समर्थन में नारे लगाए और कहा कि वे लद्दाख के पर्यावरण संरक्षण, संवैधानिक अधिकारों तथा स्थानीय लोगों के हितों की रक्षा के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने और आंदोलन करने का अधिकार है, ऐसे में आंदोलनकारियों के खिलाफ बलपूर्वक कार्रवाई उचित नहीं कही जा सकती।

पार्टी नेताओं ने कहा कि जनभावनाओं और लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए। यदि जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया तो देशभर में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रहेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से संवाद के माध्यम से सभी लंबित मुद्दों का समाधान निकालने की अपील की।

कैंडल मार्च में आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष अधिवक्ता निर्मल कुमार साहू, जिला उपाध्यक्ष अधिवक्ता विनय झारिया, जिला सचिव प्रहलाद परस्ते, अनीश साहू, ओबीसी विंग जिला अध्यक्ष घनश्याम कुशवाहा, जिला संगठन मंत्री देवी प्रसाद साहू, युवा विंग जिला अध्यक्ष टेकचंद, विधानसभा शहपुरा अध्यक्ष दिलीप झारिया, संगठन मंत्री मनोज मिश्रा, उपाध्यक्ष एडवोकेट अमित गुप्ता, सोशल मीडिया प्रभारी कृष्ण कुमार साहू, आकाश साहू, नंद किशोर साहू सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment