—Advertisement—

सहरिया विकास को मिलेगा नया नेतृत्व: गुड्डी आदिवासी बनीं राज्य स्तरीय प्राधिकरण की अध्यक्ष

एडीटर: Chetram Rajpoot May 2, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

भोपाल न्यूज। मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य (आदिम जाति कल्याण) विभाग ने विशेष पिछड़ी जनजाति सहरिया के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए श्योपुर की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी आदिवासी को मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। इस संबंध में मंत्रालय भोपाल से आधिकारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, सहरिया समुदाय के उत्थान, सामाजिक भागीदारी बढ़ाने तथा विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य स्तर पर इस प्राधिकरण का गठन किया गया था। अब इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए जमीनी स्तर पर अनुभव रखने वाली गुड्डी आदिवासी को नेतृत्व सौंपा गया है, जिससे विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से लागू किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि अध्यक्ष पद पर नियुक्ति का प्रावधान अधिकतम तीन वर्ष की अवधि के लिए होता है। हालांकि, श्रीमती गुड्डी आदिवासी को फिलहाल कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक इस पद पर नियुक्त किया गया है।

गुड्डी आदिवासी का श्योपुर जिले में जनप्रतिनिधि के रूप में लंबा अनुभव रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और आदिवासी हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई थी। ऐसे में उनके नेतृत्व में सहरिया समुदाय के लिए संचालित योजनाओं में तेजी आने और जमीनी स्तर पर बेहतर परिणाम मिलने की संभावना जताई जा रही है।

राज्य शासन के इस निर्णय को सहरिया समाज के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे न केवल योजनाओं की निगरानी मजबूत होगी, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment