—Advertisement—

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पान चबाना पड़ा भारी : एसपी ने किया सस्पेंड

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot April 18, 2026

—Advertisement—

– सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा में लापरवाही पड़ी भारी

मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में अनुशासनहीनता और कार्य में लापरवाही के मामले में पुलिस अधीक्षक द्वारा सख्त कार्रवाई की गई है। सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान थाना कटंगी में पदस्थ कार्यवाहक सहायक उपनिरीक्षक (सउनि) पेंढारीलाल अहाके को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा की जा रही थी। इस दौरान कार्यवाहक सउनि पेंढारीलाल अहाके वीडियो में पान खाते हुए और अनुचित तरीके से व्यवहार करते नजर आए। इतना ही नहीं, जब उनसे लंबित शिकायतों के संबंध में जानकारी मांगी गई तो वे संतोषजनक जवाब देने में असमर्थ रहे।

पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा (भा.पु.से.) ने इस कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही मानते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निलंबित अधिकारी को रक्षित केंद्र बालाघाट में संबद्ध किया गया है, जहां उन्हें नियमित उपस्थिति देना अनिवार्य होगा।

साथ ही, निलंबन अवधि के दौरान संबंधित कर्मचारी को बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच के लिए एसडीओपी कटंगी को निर्देशित किया गया है कि वे दो दिवस के भीतर प्राथमिक जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment