डिंडौरी न्यूज। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डिंडोरी (धनुवासागर) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने शानदार अंक अर्जित कर न केवल संस्था बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
कला संकाय में दीपक कुमार गौतम ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं शिवानी परस्ते ने 87.8 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गणित संकाय में रुद्र प्रताप झरिया ने 88.60 प्रतिशत अंक अर्जित किए, जबकि विज्ञान संकाय की भारती पाराशर ने 87 प्रतिशत एवं कृषि संकाय की श्रुति चंदेल ने 86.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कुल 108 विद्यार्थियों में से 94 प्रथम श्रेणी और 14 द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।

वहीं कक्षा 10वीं में भी विद्यालय का परिणाम 96 प्रतिशत रहा। छात्रा गंगा गौतम ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि आराधना चंदेल ने 92 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया। कक्षा 10वीं में कुल 107 विद्यार्थियों में से 77 प्रथम श्रेणी, 23 द्वितीय श्रेणी और 3 तृतीय श्रेणी में सफल हुए।
इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यालय के प्राचार्य श्री जे.एस. मरकाम एवं प्रधानाध्यापक श्री एस.एस. उद्दे ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय के इस उत्कृष्ट परिणाम में श्रीमती रूपा सिंह ठाकुर, श्रीमती मेनका यादव, श्रीमती कंचन बर्मन, श्रीमती सुलोचना परस्ते, श्रीमती नम्रता लोमेश, श्रीमती मुक्ति झरिया, श्री मनीष सोनी, श्री लालाराम कुर्मश, श्री चन्दन सिंह दुर्वाशा, श्री महिताप धुर्वे, श्री गोविन्द सिंह धुर्वे, श्री अनिल कुमार श्याम, श्री अश्वनी पन्द्राम, श्री विनय बिलथरे, श्री शिवम पटेल सहित समस्त शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास का वातावरण रहा। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।











