– जनजातीय जिलों और शासकीय स्कूलों का दमदार प्रदर्शन
भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा हायर सेकेंडरी (10+2) परीक्षा वर्ष 2026 की अस्थायी प्रावीण्य सूची (Provisional Merit List) जारी कर दी गई है। जारी सूची में विभिन्न संकायों—कला, वाणिज्य, विज्ञान तथा ललित कला एवं गृह विज्ञान—के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर स्थान प्राप्त किया है। मंडल ने स्पष्ट किया है कि यह सूची अस्थायी है तथा पुनर्गणना के बाद अंतिम प्रावीण्य सूची जारी की जाएगी।
– कला संकाय में कड़ी प्रतिस्पर्धा
कला समूह में 500 में से 489 अंक प्राप्त कर कु. श्रुति तोमर एवं श्री आकाश अहिरवार ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं 488 अंकों के साथ कु. मुस्कान रावत एवं श्री आदित्य चतुर्वेदी दूसरे स्थान पर रहे। तीसरे स्थान पर कु. दीक्षा रावत ने 487 अंक प्राप्त किए। इस संकाय में कई विद्यार्थियों ने 480 से अधिक अंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
– ललित कला एवं गृह विज्ञान में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
इस समूह में कु. शाहरुख कुरैशी ने 485 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। कु. शेहबाज कुरैशी 479 अंकों के साथ दूसरे तथा कु. कुमकुम अहिरवार 478 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
विज्ञान संकाय में उच्च अंक
जीव विज्ञान समूह में कु. तन्वी कुमावत ने 492 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। श्री कार्तिक शर्मा 490 अंकों के साथ दूसरे एवं श्री प्रियंशु सिंह 489 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। विज्ञान वर्ग में भी छात्रों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा।
– वाणिज्य संकाय में रिकॉर्ड प्रदर्शन
वाणिज्य समूह में कु. चांदनी विश्वकर्मा एवं कु. खुशी राय ने 494 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं कु. मनु शुक्ला, कु. आर्यी माहेश्वरी एवं कु. खुशबू पाटीदार ने 489 अंकों के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया।
– पूरे प्रदेश में दिखी प्रतिभा की चमक
जारी सूची में विभिन्न जिलों—भोपाल, छतरपुर, शिवपुरी, रीवा, ग्वालियर, उज्जैन, इंदौर सहित अन्य जिलों के विद्यार्थियों ने स्थान बनाकर यह साबित किया है कि प्रदेशभर में शिक्षा का स्तर निरंतर बेहतर हो रहा है।
मैरिट लिस्ट यहां देखें…..
















