भोपाल । मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत राज्यभर में निरीक्षक एवं कार्यवाहक निरीक्षक स्तर के कुल 64 अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को आगामी आदेश तक नवीन पदस्थापना स्थल पर तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानांतरण पुलिस स्थापना बोर्ड की अनुशंसा पर किया गया है। तबादलों में कई जिलों और इकाइयों के अधिकारियों को इधर से उधर किया गया है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया जा सके।
– कई जिलों में बड़े स्तर पर बदलाव
जारी सूची के अनुसार नरसिंपुर, देवास, इंदौर, भोपाल, उज्जैन, रीवा, सतना, ग्वालियर, सिवनी, मंदसौर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, धार, रतलाम, खंडवा, बड़वानी सहित अनेक जिलों में पदस्थ अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं। कई अधिकारियों को जिला पुलिस से विशेष शाखा, जीआरपी, पीटीएस एवं प्रशासनिक इकाइयों में भी पदस्थ किया गया है।
– निरीक्षक स्तर के 64 अधिकारियों के तबादले
सूची में शामिल अधिकारियों में बलवीर सिंह चौधरी को नर्सिंहपुर से मंदसौर, सुरेंद्र सिंह यादव को भोपाल से रायसेन, भगवान दास वीरा को देवास से मंदसौर, सुधाकर बारस्कर को नर्मदापुरम से जीआरपी भोपाल, बनवारी लाल मंडलोई को खरगोन से पीटीसी इंदौर तथा राहुल सिंह राजपूत को इंदौर से मंदसौर स्थानांतरित किया गया है।



इसी प्रकार संतोष कुमार तिवारी को रीवा से सतना, कमल सिंह गहलोत को इंदौर ग्रामीण से राजगढ़, अर्चना सिंह चौहान को मानव अधिकार आयोग भोपाल से सीहोर तथा विकास पटेल को नीमच से बैतूल पदस्थ किया गया है। इसके अलावा कई अधिकारियों को भोपाल (नगर) एवं इंदौर (नगर) में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
– प्रशासनिक कसावट और कार्यकुशलता पर जोर
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि जिले के भीतर कार्य आवंटन पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा। स्थानांतरण नीति के तहत अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा।
– समयसीमा में कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि कोई अधिकारी अवकाश या निलंबन की स्थिति में है, तो उसे कार्यमुक्त किए बिना ही संबंधित कार्यालय को सूचित किया जाएगा। सभी अधिकारियों को शीघ्र नवीन पदस्थापना स्थल पर जॉइन करने के निर्देश दिए गए हैं।









