शहपुरा न्यूज। नगर परिषद शहपुरा में लगाए गए साइन बोर्ड को लेकर कथित भ्रष्टाचार का मामला अब तूल पकड़ता नजर आ रहा है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस पूरे प्रकरण में गंभीर अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए बड़ा खुलासा किया है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि साइन बोर्ड लगाने के नाम पर शासन के धन का दुरुपयोग किया गया है और पूरे मामले में पारदर्शिता का अभाव साफ दिखाई देता है।
इस संबंध में आयोजित बैठक और स्थल निरीक्षण के दौरान आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष एडवोकेट निर्मल कुमार साहू ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन साइन बोर्डों के लिए भारी-भरकम राशि खर्च की गई, उनकी गुणवत्ता बेहद खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्य में नियमों की अनदेखी कर ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट विनय कुमार झारिया ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि आम जनता के टैक्स के पैसों का इस तरह दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
वहीं, पार्टी की सोशल मीडिया प्रभारी शारदा नामदेव ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएगी और भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा पारदर्शिता और जवाबदेही की राजनीति में विश्वास करती है और जनता के अधिकारों के लिए संघर्षरत है।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता भीमगिरी गोस्वामी ने भी साइन बोर्ड लगाने की आवश्यकता पर सवाल उठाते हुए इसे नगर के संसाधनों की बर्बादी बताया। उन्होंने कहा कि नगर में इस तरह के साइन बोर्ड की कोई खास जरूरत नहीं थी और यह पूरा मामला भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आम आदमी पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि साइन बोर्ड प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।









