—Advertisement—

होम /

जैन समाज ने हर्षोल्लास से मनाया महावीर जन्म कल्याणक, निकली भव्य शोभायात्रा

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot March 30, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की शिष्या 108 तमो मति माताजी के सानिध्य में सकल जैन समाज द्वारा भगवान महावीर का जन्म कल्याणक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गाजे-बाजे के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में माता- पिता सबसे आगे चलकर मार्ग प्रशस्त करते हुए दिखाई दिए।

जुलूस का शुभारंभ मुनि सुव्रतनाथ जिनालय से हुआ, जो बड़े मंदिर और काँच मंदिर से होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए निकला। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर के जयकारों के साथ पूरे नगर में धर्ममय वातावरण बना दिया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस आयोजन में भगवान महावीर के माता-पिता के रूप में डॉ. सुनील जैन व रेखा जैन रथ में विराजमान हुए। वहीं सौधर्म इंद्र के रूप में प्रवीण जैन व मीना जैन तथा कुबेर के रूप में कैलाश चंद्र जैन व मीना रानी जैन ने जोड़े के रूप में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम में अधिवक्ता सम्यक जैन, सी.ए. रितेश जैन, पार्षद रितेश जैन, सत्येंद्र जैन सहित सकल जैन समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भगवान महावीर के उपदेशों और उनके द्वारा समाज को दिए गए मार्गदर्शन का भी स्मरण किया गया। भगवान महावीर ने अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह, अस्तेय और ब्रह्मचर्य के सिद्धांतों पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने “जियो और जीने दो” का संदेश देते हुए बताया कि सभी जीवों के प्रति दया, करुणा और सह-अस्तित्व की भावना ही सच्चा धर्म है।

कार्यक्रम के पश्चात रात्रि में “एक नाम भगवान महावीर के नाम” भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन संध्या में ऑर्केस्ट्रा के माध्यम से गायकों ने भगवान महावीर के भजनों की मधुर प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस प्रकार भगवान महावीर के जन्म कल्याणक का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment