—Advertisement—

साजिश या अफवाह? डिंडौरी में अंडा फेंकने की अफवाह से बवाल, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot March 29, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज । शनिवार देर रात नगर में मां काली की प्रतिमा विसर्जन के दौरान अंडा फेंके जाने की अफवाह ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया। अफवाह फैलते ही कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया, जिससे स्थिति बिगड़ने लगी। समय रहते पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर कर हालात पर काबू पाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में स्थापित मां काली की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस रात करीब साढ़े 11 बजे निकाला जा रहा था। जब जुलूस अस्पताल कॉलोनी क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी सड़क पर चार से पांच अंडे फूटे हुए पाए गए। इस दृश्य को देखकर लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते भीड़ उग्र होने लगी।

स्थिति उस समय और संवेदनशील हो गई जब कुछ लोग मस्जिद मोहल्ले की ओर बढ़ने लगे। हालात की गंभीरता को भांपते हुए एसडीएम राम बाबू देवांगन, एसडीओपी सतीश द्विवेदी सहित भारी पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और भीड़ को आगे बढ़ने से रोका। तनाव बढ़ता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को खदेड़ा और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी प्रकार की बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सड़क पर अंडे कैसे पहुंचे और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और आपसी सद्भाव एवं शांति बनाए रखें।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment