—Advertisement—

होम /

5वीं-8वीं परीक्षा में डिंडौरी का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में द्वितीय और तृतीय स्थान

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot March 25, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए कक्षा 5वीं एवं 8वीं की वार्षिक परीक्षाओं 2025-26 के परिणामों में प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बेहतर शैक्षणिक गुणवत्ता और सतत प्रयासों के चलते डिंडोरी ने दोनों कक्षाओं में शीर्ष स्थानों में जगह बनाकर जिले का गौरव बढ़ाया है।

जारी परिणामों के अनुसार, कक्षा 5वीं में जिले के कुल 13,135 विद्यार्थियों में से 13,042 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिससे 99.29 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ जिले ने प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा 8वीं में 11,640 विद्यार्थियों में से 11,493 विद्यार्थी सफल रहे और 98.74 प्रतिशत परिणाम के साथ जिले ने प्रदेश में द्वितीय स्थान हासिल किया।

जिले की इस सफलता में विभिन्न विकासखण्डों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कक्षा 5वीं के ब्लॉकवार परिणामों में शाहपुरा विकासखण्ड ने प्रदेश में तृतीय एवं करंजिया विकासखण्ड ने चतुर्थ स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। इसी प्रकार कक्षा 8वीं में डिंडोरी एवं समनापुर विकासखण्ड ने प्रदेश के शीर्ष 10 में स्थान बनाकर जिले को गौरवान्वित किया।

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते, डीपीसी श्रीमती श्वेता अग्रवाल एवं अकादमिक परियोजना समन्वयक अमित गौलिया के नेतृत्व में शैक्षणिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

इस उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों के नियमित अध्यापन, विद्यार्थियों की मेहनत और शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों को दिया जा रहा है। विकासखण्ड स्रोत समन्वयकों, शिक्षकों एवं विभागीय कर्मचारियों के सहयोग से यह सफलता संभव हो सकी है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने इस उपलब्धि पर सभी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कड़ी मेहनत, समर्पण और टीम वर्क का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन करते हुए आगे बढ़ने और अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव सहयोग प्रदान करता रहेगा।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment