डिंडौरी न्यूज। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और जनहित से जुड़े प्रकरणों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे और विभिन्न विभागों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही डी और सी ग्रेड में आने वाले विभागों को सैनिक कल्याण निधि में निर्धारित राशि जमा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि कार्यों में शिथिलता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए एसडीएम एवं तहसीलदारों को पात्र किसानों की सूची तैयार कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को सौर ऊर्जा से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि की जा सके।
जल गंगा संवर्धन अभियान को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए गए। जनपद पंचायतों एवं ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को नियमित निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया। साथ ही गांव-गांव में चौपाल, बैनर और शपथ के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कृषि विभाग को रबी उपार्जन के सत्यापन की जिम्मेदारी सौंपी गई, वहीं नगर परिषद शहपुरा में निर्माणाधीन डिवाइडर कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसी को डीपीआर के अनुरूप कार्य नहीं करने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अग्निवीर भर्ती योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि 1 जून से 15 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया संचालित होगी, जिसमें 17 वर्ष 6 माह से 22 वर्ष तक के पात्र अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए और अधिकारियों को चेताया कि लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह की तिथियां घोषित की गईं—20 अप्रैल को करंजिया/बजाग, 28 अप्रैल को डिंडौरी, 7 मई को शहपुरा तथा 14 मई को अमरपुर/समनापुर में कार्यक्रम आयोजित होंगे। पात्र हितग्राहियों को समय पर दस्तावेजों सहित आवेदन करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि बीएमओ, सीएचओ एवं स्वास्थ्य टीम स्कूलों और शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण एवं एचवीसी टीकाकरण सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरण, समग्र आईडी, ई-केवाईसी, सीपी ग्राम, पीएम जनमन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्कूलों में साफ-सफाई, नगरीय निर्माण कार्यों और राजस्व प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने बंटवारा, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा तरमीम, फौती नामांतरण, फार्मर रजिस्ट्री और राजस्व वसूली के मामलों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।








