डिंडौरी। जिले के गोपालपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक 3 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना उधौर तिराहे के पास रात करीब 10:30 बजे हुई। एक तेज रफ्तार XUV (क्रमांक MP 52 TA 0521) अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। वाहन में सवार अनिल परस्ते अपनी बेटी के साथ खारीडीह गांव से पलकी टोला की ओर जा रहे थे। हादसे में उनकी तीन वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। घायल अनिल परस्ते को तत्काल उपचार के लिए बजाग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

– नशे में था चालक, प्राथमिक जांच में खुलासा
गोपालपुर चौकी प्रभारी बसंत गौलिया के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वाहन चालक अनिल परस्ते शराब के नशे में था। अत्यधिक नशे के कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी पलट गई।
– परिजनों ने दी थी चेतावनी, नहीं मानी बात
जनपद सदस्य मधुवन धुर्वे ने बताया कि अनिल अपने परिवार के साथ उनके घर एक ‘चौक’ कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कार्यक्रम के बाद परिजनों ने उसे रात में यात्रा न करने की सलाह दी थी, लेकिन उसने इसे नजरअंदाज कर दिया और बेटी को लेकर निकल पड़ा। कुछ ही देर बाद यह हादसा हो गया। गोपालपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।







