डिंडौरी न्यूज । जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नरिया में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक बाबाओं द्वारा तिलक लगाए जाने के तुरंत बाद अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद बाबाओं की पिटाई कर दी और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नरिया गांव में सड़क किनारे रहने वाले सुशील पिता चंद्र सिंह गोंड के घर एक कार में सवार होकर करीब आधा दर्जन बाबा पहुंचे। बाबाओं ने बातचीत के दौरान सुशील के माथे पर तिलक लगाया, जिसके कुछ ही क्षण बाद वह अचानक बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा। यह दृश्य देखते ही परिजनों और आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। युवक के अचानक बेहोश होने से गुस्साए ग्रामीणों ने बाबाओं पर संदेह जताते हुए उनकी पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ती देख किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी बाबाओं को अपने साथ थाने ले आई।
बताया जा रहा है कि संबंधित बाबा अमरकंटक से चित्रकूट की ओर जा रहे थे और रास्ते में नरिया गांव में रुके थे। फिलहाल पुलिस सभी बाबाओं से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
इधर, घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में तरह-तरह की अफवाहें और अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। युवक की स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।







