डिंडौरी न्यूज। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रकरणों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जेपी यादव, सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्री पंकज जैन, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री अक्षय डिगरसे, एलडीएम श्री रविशंकर सिंह, उप पंजीयक श्री राजीव कुमार परिहार, समस्त सीईओ जनपद पंचायत, समस्त तहसीलदार, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री राजेन्द्र कुमार जाटव, लोक निर्माण विभाग (भवन) श्री पारस सिंह, खनिज अधिकारी श्री अशोक नागले, प्रबंधक ई-गर्वनेंस श्री दीपक साहू, स्वच्छता प्रभारी सुश्री संगीता सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने समस्त अधिकारियों को निर्देश दिए कि 19 मार्च 2026 को सूर्य उपासना दिवस नर्मदा घाट पर आयोजित किया जाएगा। जिसमें नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर , सहायक नोडल अधिकारी जनपद पंचायत डिंडौरी एवं नगर परिषद विभाग के विशेष सहयोग से सफलपूर्वक आयोजन किया जाए। वहीं पर जल गंगा संवर्धन अभियान का कार्यक्रम शुभारंभ कर नर्मदा नदी की सफाई की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को सख्त निर्देश दिए कि विद्यालय में पाठ्य पुस्तक सामग्री समय पर छात्र-छात्राओं को उपलब्ध कराई जाए, लापरवाही करने वाले शिक्षकों पर कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को पोषण पुर्नवास केन्द्र में चिन्हित कर कुपोषित एवं अतिकुपोषित बच्चों को भर्ती कर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं और उनकी नियमित रूप से देखभाल की जाए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने शासन के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह कार्यक्रम 20 अप्रैल 2026 को करंजिया/बजाग, 28 अप्रैल 2026 को डिंडौरी, 7 मई 2026 को शहपुरा तथा 14 मई 2026 को अमरपुर/समनापुर में आयोजित किए जाने की जानकारी दी। पात्र हितग्राहियों को आवश्यक दस्तावेजों सहित सामाजिक न्याय विभाग से संपर्क कर योजना का लाभ लेने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने समस्त सीईओ जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत सीईओ को निर्देशित किया कि जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ 19 मार्च से होने जा रहा है जल गंगा संवर्धन अभियान एवं जल संचय अभियान के कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर जिले के समस्त विकासखंडों में आयोजित किए जाएं जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाए और लोकार्पण, भूमिपूजन कार्यक्रमों में उनके समन्वय के साथ कार्य करें। साथ ही साथ कलेक्टर ने महिला बाल विकास अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को सख्त निर्देश दिए कि जिले के विकासखंड स्तर पर आयोजित दिव्यांगजन शिविर में पात्र दिव्यांगजनों को पूर्ण कार्यवाही करते हुए उनके आधार कार्ड, समग्र आईडी, पेंशन, ईकेवायसी, दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए जाएं ताकि शासन की योजना का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय अधिकारी को निर्देश दिए कि जिले के बीएमओ, सीएचओ, स्वास्थ्य केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र की टीम के द्वारा स्कूलों में जाकर एवं शिविर आयोजित कर स्वास्थ्य परीक्षण कर टीके लगाए जाएं ताकि शासन की योजना लाभ मिल सके।
– जल संरचनाओं की खुले गेट की सूचना देने वाले नागरिक होगें पुरस्कृत
कलेक्टर ने कहा कि जिले के नदी नाले, जलाशय, स्टॉप डेम पर पानी रोकने के उद्देश्य से गेट लगाए गए हैं फिर भी जिस स्टॉप डेम एवं नदी नाले पर पानी रोकने के उपाय नहीं किए हैं उनकी जानकारी आम जनता से अपील की गई है कि जो आम जनता खुले गेट की जानकारी देगा उसे जिला प्रशासन द्वारा पुरूस्कृत किया जाएगा। इसलिए कलेक्टर ने अपील की है कि जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि स्टाप डेम के गेट की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। साथ ही साथ कलेक्टर ने कृषि विभाग अधिकारियों को जिले के अधिक से अधिक किसानों को पोर्टल पर पंजीयन करने के निर्देश दिए जिससे उन्हें शासन की योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरण, समग्र आईडी, ई-केवाईसी, सीपी ग्राम, पीएम जनमन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, स्कूलों में शौचालयों की साफ-सफाई, नगरीय निर्माण कार्यों की प्रगति एवं राजस्व प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। कलेक्टर ने बंटवारा, सीमांकन, नामांतरण, नक्शा तरमीम, फौती नामांतरण, फार्मर रजिस्ट्री, राजस्व वसूली के लक्ष्य को पूर्ण करने एवं कार्यों में प्रगति लाने के समस्त तहसीलदार, एसडीएम को निर्देश दिए।








