भोपाल न्यूज। जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय शराब तस्करी के एक मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सोयाबीन के बोरों की आड़ में ट्रक से ले जाई जा रही करीब 50 लाख रुपये मूल्य की 350 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में घटना में प्रयुक्त ट्रक भी जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा के निर्देशन में जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में नाहरगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक करण तिवारी और उनकी टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में सोयाबीन के बोरों के बीच अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कचनारा रोड पुलिसिया के पास ग्राम फतेहगढ़ के समीप एक ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक क्रमांक GJ 16 AC 7576 में सोयाबीन के बोरों के बीच 350 पेटी विदेशी शराब छिपाकर रखी हुई मिली।
पुलिस ने मौके पर ही अवैध शराब और ट्रक को जब्त कर लिया। इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह शराब किस राज्य से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक करण तिवारी, सहायक उप निरीक्षक कन्हैयालाल यादव, प्रधान आरक्षक महीपाल सिंह, दिलावर सिंह, आरक्षक महेंद्र सिंह, विक्रम सिंह, राजीव सिंह तथा चालक लियाकत मेव का सराहनीय योगदान रहा।







