—Advertisement—

Dindori News: पटवारी से सहायक संचालक तक का सफर, दीपा कुलेश ने बढ़ाया डिंडौरी का मान

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 5, 2026

—Advertisement—

– दीपा कुलेश बनीं सहायक संचालक उद्यानिकी, मंडला में मिली पदस्थापना

डिंडौरी न्यूज। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक संचालक उद्यानिकी भर्ती परीक्षा 2023 में ग्राम लालपुर, विकास खंड अमरपुर, जिला डिंडौरी निवासी दीपा कुलेश ने सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, मंत्रालय भोपाल द्वारा चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं, जिनमें दीपा कुलेश की सहायक संचालक उद्यान विभाग, जिला मंडला के पद पर पदस्थापना की गई है।

दीपा कुलेश के पिता श्री करम सिंह कुलेश, राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त SHDO रह चुके हैं, जबकि माता श्रीमती पंचवती कुलेश एक गृहिणी हैं। एक अनुशासित एवं शिक्षित परिवार में पली-बढ़ी दीपा ने प्रारंभिक शिक्षा छिंदवाड़ा जिले के शासकीय विद्यालय से प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने एग्रीकल्चर कॉलेज से स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा पूर्ण की।

शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ दीपा कुलेश का कार्यानुभव भी उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने लगभग तीन वर्षों तक राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर पाटन (जबलपुर) क्षेत्र में सेवाएं दीं। इसके बाद डिंडौरी जिले में कृषि विभाग में कृषि विस्तार अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने सहायक संचालक उद्यानिकी भर्ती परीक्षा 2023 की तैयारी की और सफलता अर्जित की।

उनकी इस उपलब्धि पर ग्राम लालपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। इष्ट मित्रों, शुभचिंतकों एवं ग्रामीणजनों ने दीपा कुलेश को शुभकामनाएं देते हुए इसे परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम बताया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि दीपा की सफलता युवाओं, विशेषकर ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment