– अनूपपुर जिले में सहायक संचालक उद्यान के पद पर मिली पदस्थापना
डिंडौरी। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक संचालक उद्यान परीक्षा 2023 में चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसी क्रम में डिंडौरी जिले के अमरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिलगांव निवासी सुरेन्द्र सिंह श्याम को सहायक संचालक उद्यान, जिला अनूपपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से ग्राम बिलगांव में हर्ष और उत्साह का वातावरण है।
– ग्रामीण परिवेश से प्रशासनिक सेवा तक का सफर
सहायक संचालक उद्यान पद पर चयनित सुरेन्द्र सिंह श्याम, पिता लक्ष्मण सिंह श्याम एवं माता सुबस श्याम के सुपुत्र हैं। कृषि परिवार से ताल्लुक रखने वाले श्री श्याम ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और लगन के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

– शिक्षा का सशक्त आधार
श्री श्याम की प्रारंभिक शिक्षा माध्यमिक शाला बिलगांव से हुई। इसके पश्चात उन्होंने JDES जुनवानी से हाई स्कूल एवं उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी से हायर सेकेंडरी शिक्षा प्राप्त की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से स्नातक एवं स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूर्ण की, जिसे उन्होंने वर्ष 2016 में सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
वर्ष 2017 से ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के रूप में उन्होंने कार्यालय सहायक संचालक उद्यान, जिला मंडला में सेवाएँ दीं। इस दौरान उन्होंने उद्यानिकी विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से कृषकों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया और विभागीय कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई।
– सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को
अपनी इस सफलता पर श्री श्याम ने माता-पिता, गुरुजनों एवं मित्रों को श्रेय दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और मित्रों के प्रोत्साहन से ही यह मुकाम हासिल हो सका।
– क्षेत्र में खुशी, युवाओं को मिली प्रेरणा
उनकी नियुक्ति से ग्राम बिलगांव सहित पूरे अमरपुर ब्लॉक में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि श्री श्याम की सफलता से ग्रामीण युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु नई प्रेरणा मिलेगी।








