डिंडौरी न्यूज। मध्यप्रदेश लघु वेतन कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण हेतु चल रहे आंदोलन के पांचवें चरण के अंतर्गत प्रदेश के 55 जिलों में एक साथ ज्ञापन सौंपे गए। इसी क्रम में डिंडौरी में संघ द्वारा जिला मुख्यालय पर संगठित होकर 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष प्रकाश सिंह चंदेल द्वारा किया गया। ज्ञापन सौंपने से पूर्व कर्मचारियों ने भारत रत्न, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इसके पश्चात जिला मुख्यालय में विधिवत रूप से कर्मचारियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
संघ द्वारा यह ज्ञापन माननीय मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन एवं माननीय मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन को भी स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रेषित किया गया, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों की जानकारी सीधे शासन स्तर तक पहुंच सके।
इस अवसर पर कार्यक्रम में विशेष रूप से संभागीय सचिव मिहीलाल धुर्वे, जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष रुकमणी पटेल, जिला सचिव अशोक यादव, संरक्षक भागवानी धुर्वे, जिला उपाध्यक्ष तेजना ब्यौहार, जिला मीडिया प्रभारी मयंक उद्देसिया, संगठन मंत्री अघनू सिंह कोकड़िया सहित सक्रिय कार्यकर्ता पुरषोत्तम धुर्वे, अमरलाल धुर्वे, लीला टेकाम, रामू चौहान एवं कृष्णा यादव उपस्थित रहे।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को लंबे समय से वेतन विसंगति, नियमितीकरण, सेवा सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। संगठन ने शासन से मांग की है कि कर्मचारियों की 15 सूत्रीय मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए न्यायोचित समाधान किया जाए, अन्यथा आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा।








