डिंडौरी न्यूज। जबलपुर–अमरकंटक नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसमें पांच ग्रामीणों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत किकरा तालाब गांव के पास की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम परसवाह करवेमट्ठा के ग्रामीण पारिवारिक चौक कार्यक्रम से पिकअप वाहन में सवार होकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पिकअप वाहन अचानक पंचर हो गया, जिसके कारण वाहन सड़क किनारे खड़ा कर सभी लोग नीचे उतरकर खड़े हो गए। तभी गोरखपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा सीमेंट राखड़ से भरा कैप्सूल ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ गया।

हादसा इतना भयावह था कि ट्रक ने न सिर्फ ग्रामीणों को कुचला, बल्कि सड़क किनारे बने यात्री प्रतीक्षालय, एक गरीब ग्रामीण की छोटी होटल और पास स्थित मढ़िया को भी अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि होटल संचालक उस समय मौके पर मौजूद नहीं था, अन्यथा मृतकों की संख्या और बढ़ सकती थी।
इस हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों में दो ग्राम परसवाह, दो कर्वे मट्ठा एवं एक उफरी गांव के निवासी शामिल हैं। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही एसडीओपी, थाना प्रभारी गाड़ासरई सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गाड़ासरई पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

घटना की जानकारी लगते ही कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, एसपी वाहनी सिंह सहित अन्य अधिकारी पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें दादा बंधाते हुए हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।









