मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। जयसिंहनगर थाने में पदस्थ एएसआई एहसान खान को रिश्वतखोरी के आरोप में हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी पर जांच प्रभावित करने और आरोपियों को राहत दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करने का गंभीर आरोप है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गंधियां निवासी हरी दीन साहू द्वारा लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके भाई की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में कई ग्रामीणों पर केस दर्ज किया गया था, जिसकी जांच एएसआई एहसान खान के पास थी।
आरोप है कि एएसआई ने मामले में नामजद लोगों को राहत देने और जमानत में मदद करने के बदले प्रति व्यक्ति रकम की मांग की। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसने पहले ही कुछ राशि दे दी थी, जबकि अन्य लोगों से भी लगातार पैसे मांगे जा रहे थे। इस पूरे घटनाक्रम के समर्थन में ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित साक्ष्य लोकायुक्त टीम को सौंपे गए।
लोकायुक्त ने प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप बिछाया, लेकिन भनक लगने पर आरोपी ने मौके पर लेन-देन से बचने की कोशिश की। इसके बावजूद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर लोकायुक्त टीम ने एएसआई एहसान खान को सीधे थाने से हिरासत में ले लिया।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य अधिकारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है।








