डिंडौरी न्यूज । जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। डिंडौरी के जिला चिकित्सालय में पदस्थ कई डॉक्टर निर्धारित समय पर ओपीडी में अनुपस्थित पाए गए, जिसके बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित डॉक्टरों से स्पष्टीकरण मांगा है।
कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी पत्र के अनुसार, दिनांक 28 मार्च 2026 को प्रातःकालीन ओपीडी के दौरान निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण कलेक्टर के निर्देश पर किया गया था। निरीक्षण में पाया गया कि कई डॉक्टर सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक ओपीडी में उपस्थित नहीं थे। इस लापरवाही के कारण मरीजों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा और अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं।
जिन डॉक्टरों को नोटिस जारी किया गया है उनमें डॉ. अजय राज, डॉ. धनराज सिंह, डॉ. दिलीप रंगरे, डॉ. मिनी मोर्वे, डॉ. कमलेश राज, डॉ. कन्हैया बघेल और डॉ. अमित जैन शामिल हैं। सभी डॉक्टर जिला चिकित्सालय डिंडौरी में पदस्थ हैं।
सीएमएचओ ने पत्र में स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि संबंधित डॉक्टर 24 घंटे के भीतर अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं हुआ, तो उनके विरुद्ध आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।








