—Advertisement—

सीधी को मिला नया कलेक्टर: विकास मिश्रा को सौंपी गई जिले की कमान

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot March 22, 2026

—Advertisement—

– सीएम के औचक दौरे के बाद बड़ा प्रशासनिक फैसला

भोपाल/सीधी। प्रदेश में प्रशासनिक सख्ती के संकेत देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के औचक दौरे के बाद सीधी जिले में बड़ा बदलाव किया गया है। रविवार को सीएम के अचानक सीधी पहुंचकर जिला अस्पताल समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और जनप्रतिनिधियों व आम नागरिकों से शिकायतें प्राप्त होने के बाद प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई के संकेत मिल गए थे।

इसी क्रम में देर शाम सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी करते हुए सीधी कलेक्टर स्वरोचित सोमवंशी को पद से हटा दिया गया। उनकी जगह विकास मिश्रा को सीधी जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। उन्हें आगामी आदेश तक यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीएम के दौरे के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही को लेकर नाराजगी सामने आई थी। बताया जा रहा है कि निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं पाई गईं, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

राज्य सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक जवाबदेही और कार्य में कसावट लाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि शासन स्तर पर लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नए कलेक्टर के रूप में विकास मिश्रा से जिले में प्रशासनिक व्यवस्था सुधारने, जन समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की अपेक्षा की जा रही है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment