डिंडौरी न्यूज । पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा के निर्देशन में रविवार, 22 मार्च 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम डिंडौरी में एक वृहद स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों सहित उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य की जांच एवं परामर्श की व्यापक व्यवस्था की गई।
शिविर के सफल संचालन में प्रभारी रक्षित निरीक्षक सूबेदार कुंवर सिंह उलाडी के नेतृत्व में एएसआई संतोष प्रधान, प्रधान आरक्षक रघुराई प्रजापति, आरक्षक केशव प्रसाद कोकड़िया सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस स्वास्थ्य शिविर में महाराष्ट्र के नागपुर से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। टीम में डॉ. शशिकांत रघुवंशी (प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, लेप्रोस्कोपिक सर्जन), डॉ. विकास टिके, डॉ. विकाश तेकाम (सामान्य चिकित्सा विशेषज्ञ) तथा डॉ. दीपक (मानसिक स्वास्थ्य एवं पोषण विशेषज्ञ) शामिल रहे। इसके साथ ही लेब टेक्नीशियन नंदकुमार ठाकुर द्वारा जांच कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोग दिया गया।
शिविर के दौरान लगभग 400 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विभिन्न जटिल स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया गया। मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, सामान्य बीमारियों एवं महिला स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी विशेष रूप से परामर्श प्रदान किया गया।








