डिंडौरी। शहपुरा तहसील क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ खाद्य विभाग की छापामार कार्रवाई लगातार जारी है। दो दिनों तक शहपुरा के शहरी क्षेत्र में निरीक्षण और कार्रवाई करने के बाद तीसरे दिन विभागीय टीम ने कस्बाई क्षेत्रों की ओर रुख करते हुए विकासखंड मेंहदवानी में छापा मारा।
सहायक आपूर्ति अधिकारी जयंत असराटी के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने मेंहदवानी मुख्यालय के व्यस्ततम क्षेत्र में, जनपद पंचायत कार्यालय के सामने संचालित अभिलाष दास लारिया होटल में अचानक निरीक्षण किया। टीम के पहुंचते ही होटल में मौजूद लोगों में हलचल मच गई। जांच के दौरान होटल में घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित एलपीजी गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक कार्य में इस्तेमाल पाया गया।
निरीक्षण के दौरान तीन घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध रूप से होटल संचालन में उपयोग करते हुए पाए जाने पर विभागीय टीम ने तत्काल तीनों सिलेंडर जब्त कर लिए। साथ ही होटल संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।
खाद्य विभाग की इस अचानक हुई छापामार कार्रवाई से मेंहदवानी मुख्यालय के होटल संचालकों और अन्य व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कई होटल संचालक अपने प्रतिष्ठानों में गैस कनेक्शन और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करते नजर आए।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है और इस तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा शहपुरा तहसील क्षेत्र में लगातार जांच और छापामार अभियान जारी रखा जाएगा, ताकि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।








