डिंडौरी न्यूज।महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन को बढ़ावा देने की दिशा में विकासखंड समनापुर में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मातृशक्ति संकुल स्तरीय संगठन द्वारा संचालित ‘हमर आजीविका दीदी कैफे’ का शुभारंभ बुधवार को पुराना तहसील कार्यालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम के साथ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री ओमकार सिंह मरकाम, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चमरू सिंह नेताम, जनपद पंचायत समनापुर अध्यक्ष श्रीमती पवनती कुशराम, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हेमवती राजपूत, श्री अशोक संत, श्री भारत राजपूत और प्राशासनिक अधिकारी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती अर्पणा पांडेय, जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम, समनापुर, अमरपुर एवं बजाग के स्टाफ तथा प्रदान संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

इसी प्रकार जिले के समस्त विकासखंडों में दीदी कैफे खोले जा रहे है। जिसका संचालन स्व-सहायता समूह की दीदीयों के द्वारा किया जा रहा है। जिससे स्वरोजगार के अवसर सृजन होंगे और स्वसहायता समूह की दीदीयों के परिवार भरण-पोषण में सहायक होगा, जो मातृ शक्ति के लिए मिशाल सिद्ध होगी। यह जिला प्रशासन की विशेष पहल से जिले में महिला दीदियों को रोजगार मिलेगा।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि यह कैफे ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह की महिलाएं न केवल अपने परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि समाज में आत्मनिर्भरता का संदेश भी दे रही हैं। बताया गया कि ‘हमर आजीविका दीदी कैफे’ का संचालन और प्रबंधन पूरी तरह स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा किया जाएगा। इस कैफे के माध्यम से स्थानीय स्तर पर शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खान-पान उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में संकुल स्तरीय संगठन की बहनों ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे और दीदियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
दीदियों ने संकल्प लिया कि गुणवत्ता और बेहतर सेवा के माध्यम से ‘हमर आजीविका दीदी कैफे’को समनापुर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले की एक पहचान बनाया जाएगा। वहीं आजीविका मिशन के अधिकारियों ने भी कैफे के संचालन में हर संभव तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग देने का भरोसा दिलाया।







