डिंडौरी न्यूज। जिले के लिए गर्व की बात है कि माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, डिंडौरी जिले की चार छात्राओं ने प्रतिष्ठित JEE (MAIN) 2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन किया है। ग्रामीण एवं आदिवासी पृष्ठभूमि से आने वाली इन छात्राओं की सफलता शिक्षा के क्षेत्र में प्रेरणादायक उपलब्धि मानी जा रही है।
विद्यालय की प्राचार्य द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार सत्र 2025-26 में अध्ययनरत गणित संकाय की चार छात्राओं ने कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता प्राप्त की है।
प्राप्त परिणाम के अनुसार सिलोचना (ग्राम पायली, विकासखंड मेंहदवानी) ने 59 प्रतिशत, गंगोत्री तेकाम (ग्राम सूरजपुरा, शहपुरा) ने 57 प्रतिशत, सुप्रिया मरावी (ग्राम माधोपुर, रहंगी) ने 45 प्रतिशत तथा आरती मरावी (ग्राम चांदकिकरिया, समनापुर) ने 33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर परीक्षा उत्तीर्ण की है। सीमित संसाधनों के बावजूद इन छात्राओं ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है।
छात्राओं की इस सफलता पर जिले की कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की बेटियों की यह उपलब्धि अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। कलेक्टर ने छात्राओं की मेहनत के साथ-साथ शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के प्रयासों की भी सराहना की।
वहीं विद्यालय की प्राचार्य सहित समस्त शिक्षक-स्टाफ ने सफल छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई है कि ये छात्राएं आगे चलकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में और बड़ी सफलताएं हासिल कर जिले तथा प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।








