—Advertisement—

होम /

Dindori News: ग्राम पंचायतों की समस्याओं पर चर्चा की मांग, सरपंच संघ ने सीईओ से मांगी बैठक की तारीख

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot March 8, 2026

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। जिले की ग्राम पंचायतों में विकास एवं निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं के समाधान और बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से जिला सरपंच संघ ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) से बैठक आयोजित करने की मांग की है। इस संबंध में सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष इंजी. फूल सिंह मरकाम ने पत्र लिखकर आगामी 7 से 10 दिनों के भीतर बैठक की तिथि निर्धारित करने का अनुरोध किया है।

जारी पत्र में बताया गया है कि जिले में कुल 364 ग्राम पंचायतें हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों तथा निर्माण कार्यों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। पंचायत स्तर पर विकास कार्यों के संचालन के दौरान कई बार तकनीकी और प्रशासनिक समस्याएं सामने आती हैं, जिनके समाधान के लिए जिला स्तर पर मार्गदर्शन और समन्वय आवश्यक है।

जिलाध्यक्ष फूल सिंह मरकाम ने कहा कि ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों, निर्माण कार्यों में आ रही कठिनाइयों, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सरपंचों के साथ एक संयुक्त बैठक आयोजित किया जाना जरूरी है। बैठक के माध्यम से सरपंचगण सीधे जिला पंचायत सीईओ से संवाद कर अपनी समस्याएं और सुझाव रख सकेंगे, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति आएगी।

सरपंच संघ ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी से अनुरोध किया है कि वे अपने अमूल्य समय में से आगामी 7 से 10 दिवस के भीतर बैठक की तिथि, समय और स्थान निर्धारित कर सूचना प्रदान करें, ताकि जिले के सभी सरपंच उपस्थित होकर ग्राम पंचायतों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा कर सकें।

 पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर डिंडौरी सहित जिले की जनपद पंचायत अमरपुर, करंजिया, मेहंदवानी, डिंडौरी, बजाग, समनापुर और शहपुरा के समस्त सरपंचों को भी सूचनार्थ प्रेषित की गई है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment