—Advertisement—

डिंडौरी में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, किशोरियों को मिलेगी गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा की ढाल

एडीटर: Chetram Rajpoot February 28, 2026

—Advertisement—

Contact on WhatsApp

डिंडौरी  न्यूज । महिलाओं में बढ़ते गर्भाशय ग्रीवा (बच्चेदानी के मुंह) के कैंसर की रोकथाम की दिशा में डिंडौरी जिले में महत्वपूर्ण पहल की गई है। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में जिला अस्पताल डिंडोरी के सभागार कक्ष में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ आशा कार्यकर्ता की किशोरी बेटी को टीका लगाकर किया गया। यह पहल न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि समाज में जनजागरूकता बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम बनी।

जिला स्तरीय कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती हीरा रुदेश परस्ते उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेंद्र राजपूत, महेश धूमकेती एवं भाजपा जिला महामंत्री श्री सुधीर दत्त तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान का शुभारंभ पीएम नरेन्द्र मोदी द्वारा अजमेर, राजस्थान से किया गया, जबकि मध्यप्रदेश में कार्यक्रम की शुरुआत सीएम मोहन यादव एवं राजेंद्र शुक्ला के करकमलों से संपन्न हुई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय ने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर दूसरे स्थान पर है। यह कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के संक्रमण से होता है और एचपीवी वैक्सीन ही एकमात्र प्रभावी बचाव का माध्यम है। उन्होंने बताया कि विश्व स्तर पर प्रति एक लाख की जनसंख्या में लगभग 199 महिलाएं इस बीमारी से प्रभावित होती हैं, जबकि भारत में यह आंकड़ा 156 और मध्यप्रदेश में 165 है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि डिंडोरी जिले में यह टीका जिला चिकित्सालय एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पूर्णतः निःशुल्क लगाया जाएगा, जबकि निजी संस्थानों में इसके लिए 4,000 से 10,000 रुपये तक का खर्च आता है। यह टीका उन किशोरियों को लगाया जाएगा जिन्होंने अपना 14वां जन्मदिन पूरा कर लिया है, किंतु अभी 15 वर्ष की नहीं हुई हैं।

कार्यक्रम में सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. रमेश सिंह मरावी, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. राजकुमार डोंगर, हॉस्पिटल प्रबंधक श्री योगेंद्र ऊईके, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री दिलीप कचवाहा, आरकेएसके जिला समन्वयक ओम प्रकाश उरैती, जिला वैक्सीन मैनेजर सचिन यादव सहित नर्सिंग ऑफिसर, आशा कार्यकर्ता, किशोरी बालिकाएं एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम के समापन पर अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण से जोड़ने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के बेहतर भविष्य और सुरक्षित जीवन के लिए इस निःशुल्क टीकाकरण अभियान का लाभ अवश्य उठाएं।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment