डिंडौरी न्यूज । जबलपुर–अमरकंटक हाईवे पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने एक साथ दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरती नेताम अपने पिता के साथ दो वर्षीय पुत्र को गोद में लेकर मायके जा रही थीं। इसी दौरान गाड़ासरई थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहतरा गांव स्थित पत्थरकुचा तिराहा के पास तेज रफ्तार मालवाहक वाहन ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे। इसी दौरान पीछे से आ रही दूसरी बाइक भी वाहन की चपेट में आ गई।

हादसे में आरती नेताम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका मासूम पुत्र, पिता एवं दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम जैसी स्थिति बना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
गाड़ासरई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर मालवाहक वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।








