डिंडौरी न्यूज । राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे सतत प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्राप्त प्रगति प्रतिवेदन के अनुसार डिण्डोरी जिले में नामांतरण, सीमांकन एवं बटवारा प्रकरणों के निराकरण में उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की गई है।
नामांतरण (अ-6) प्रकरणों में जिले में कुल 12,127 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 11,194 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। इस प्रकार 92.31 प्रतिशत निराकरण दर के साथ डिण्डोरी जिला राज्य स्तर पर प्रथम स्थान पर रहा है।
सीमांकन (अ-12) प्रकरणों में कुल 4,982 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 4,876 प्रकरणों का निराकरण कर 97.87 प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त की गई है।
इसी प्रकार बटवारा (अ-27) प्रकरणों में कुल 2,572 प्रकरण दर्ज हुए, जिनमें से 2,308 प्रकरणों का निराकरण किया गया है, जो 89.74 प्रतिशत निराकरण दर को दर्शाता है।
जिला प्रशासन द्वारा राजस्व न्यायालयीन प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य आम नागरिकों को राजस्व संबंधी मामलों में त्वरित न्याय एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना है।
निरंतर मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध कार्यवाही के परिणामस्वरूप डिंडौरी जिला राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है।







