—Advertisement—

होम /

Dindori News : सड़क पर खाली बर्तन रखकर महिलाओं ने किया प्रदर्शन

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 23, 2026

—Advertisement—

– जल पेयजल व्यवस्था बहाल न करने पर आंदोलन की दी चेतावनी

डिंडौरी। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम पंचायत धुर्रा में पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर सोमवार दोपहर करीब 11 बजे ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पानी नहीं मिलने से परेशान ग्रामीणों ने धुर्रा तिराहा सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत धुर्रा में पिछले 4–5 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित है। बताया गया कि हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में RES विभाग द्वारा बायोलॉजी, फिजिक्स और केमिस्ट्री लैब का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसी निर्माण के दौरान खुदाई में पानी की सप्लाई लाइन (पाइपलाइन) टूट गई, जिससे पूरे क्षेत्र में पानी की आपूर्ति ठप हो गई।

लगातार पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत के बावजूद अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई, जिससे हालात दिन-ब-दिन बिगड़ते जा रहे हैं।

सूचना मिलने पर संबंधित विभाग व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश देकर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। मौके पर पहुंचे ग्राम पंचायत सचिव ने जल्द पेयजल व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया तब जाकर महिलाओं ने सड़क से जाम हटाया।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment