—Advertisement—

लोक सेवा परीक्षा 2024: चार नए मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की नियुक्ति

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 19, 2026

—Advertisement—

भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास विभाग मंत्रालय ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग, इंदौर द्वारा आयोजित राज्य सेवा परीक्षा 2024 के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पद पर नियुक्ति आदेश जारी कर दिए हैं। आदेश मंत्रालय, वल्लभ भवन, भोपाल से 17 फरवरी 2026 को जारी किए गए।

जारी आदेश के अनुसार चयनित अधिकारियों को मध्यप्रदेश राज्य नगरीय प्रशासनिक सेवा के अंतर्गत ‘ग’ श्रेणी में सातवें वेतनमान (लेवल-9) पर नियुक्त किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर संबंधित निकायों में पदस्थ किया गया है।

इन अधिकारियों को मिली पदस्थापना

पहले आदेश (क्रमांक 730/1651175/2025/18-1) के तहत—

श्री अक्षय गर्ग (UNR) को नगर परिषद बड़ामलहरा, जिला छतरपुर में पदस्थ किया गया है।

श्री लोकेश बौरिया (SC) को नगर परिषद मनासा, जिला नीमच में नियुक्ति दी गई है।

श्री योगेश बघी (ST) को नगर परिषद सेमरिया, जिला रीवा में पदस्थ किया गया है।

दूसरे आदेश (क्रमांक 728/1651175/2025/18-1) के अंतर्गत—

श्री सौरभ (SC) को नगर परिषद सबलगढ़, जिला मुरैना में मुख्य नगर पालिका अधिकारी के रूप में पदस्थ किया गया है।

नियुक्ति से जुड़ी प्रमुख शर्तें

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि चयनित अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व जिला चिकित्सालय बोर्ड द्वारा जारी चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। नियुक्ति आदेश जारी होने की तिथि से एक माह के भीतर संबंधित निकाय में कार्यभार ग्रहण करना होगा, अन्यथा नियुक्ति स्वतः निरस्त मानी जाएगी। वरिष्ठता का निर्धारण लोक सेवा आयोग, इंदौर द्वारा जारी चयन सूची के क्रम के अनुसार किया जाएगा। साथ ही, सभी चयनित अधिकारी नवीन अंशदायी पेंशन योजना 2005 के सदस्य होंगे।

नगरीय निकायों को मिलेगा सशक्त प्रशासन

प्रदेश के विभिन्न जिलों में नए मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की पदस्थापना से स्थानीय निकायों के प्रशासनिक कार्यों में गति आने की उम्मीद है। नगरीय विकास से जुड़े योजनाओं के क्रियान्वयन, स्वच्छता, आधारभूत संरचना विकास तथा नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार की दिशा में यह नियुक्तियां महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

MP Today News

CMO Posting News

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment