—Advertisement—

होम /

Dindori News: महीनों से गायब पंचायत सचिव पर गिरी गाज, CEO जिला पंचायत ने किया निलंबित

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 17, 2026

—Advertisement—

– सीएम हेल्पलाइन शिकायतें लंबित और लगातार अनुपस्थिति पर कार्रवाई

डिंडौरी न्यूज। बजाग जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत खरगहना के ग्रामीणों ने विगत दिनों पंचायत सचिव लापता होने का पोस्टर ग्राम पंचायत भवन में चस्पा किया था। मनमानी और लापरवाही कार्यप्रणाली को गंभीरता से लेते हुए सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने सचिव को सस्पेंड करने के आदेश जारी किए हैं। कार्यालय जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा गोवर्धन मरावी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, गोवर्धन मरावी 20 दिसंबर 2024 को जनपद पंचायत बजाग में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक से बिना अनुमति के अनुपस्थित रहे। इसके कारण ग्राम पंचायत खरगहना में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न मदों के अंतर्गत हितग्राही एवं सामुदायिक कार्यों की समीक्षा प्रभावित हुई। इस संबंध में उन्हें कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था।

इसके अतिरिक्त 11 फरवरी 2025 को ग्राम पंचायत खरगहना के निरीक्षण के दौरान भी वे कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए, जिस पर पुनः कारण बताओ नोटिस जारी हुआ। जनपद पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 08 तथा ग्राम पंचायत खरगहना के सरपंच द्वारा भी 20 एवं 21 जनवरी 2025 को उनकी कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत प्रस्तुत की गई थी।

आदेश में यह भी उल्लेखित है कि मई 2025 से 50 दिवस से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समयसीमा में निराकरण नहीं किया गया, जिस पर 10 जून 2025 को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया। इसके बावजूद संबंधित सचिव द्वारा किसी भी नोटिस का संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

सरपंच ग्राम पंचायत खरगहना द्वारा 30 जनवरी 2026 को प्रेषित पत्र में बताया गया कि श्री मरावी 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस समारोह तथा 30 जनवरी 2026 को आयोजित ग्रामसभा में भी अनुपस्थित रहे। ग्रामसभा में उन्हें पद से हटाने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

उपरोक्त तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए, उनकी कार्यप्रणाली को अनुशासनहीनता, पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही एवं कर्तव्य के प्रति उदासीनता मानते हुए म.प्र. पंचायत सेवा आचरण नियम 1998 के नियम 3 के उल्लंघन तथा म.प्र. पंचायत सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम 1999 के नियम 4 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है।

निलंबन अवधि में श्री गोवर्धन मरावी का मुख्यालय जनपद पंचायत बजाग निर्धारित किया गया है तथा उन्हें शासन नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। साथ ही कार्यालयीन कार्य की सुचारु व्यवस्था हेतु ग्राम पंचायत खरगहना के ग्राम रोजगार सहायक जशवंत मानिकपुरी को उनके मूल दायित्वों के साथ-साथ सचिव का अतिरिक्त प्रभार आगामी आदेश तक सौंपा गया है।

न्यूज सोर्स – जिला पंचायत डिंडौरी द्वारा जारी आदेश

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment