– मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित आयुक्त को सौंपा आवेदन, शीघ्र निराकरण की मांग
भोपाल न्यूज। मध्यप्रदेश मनरेगा मेट संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों ने मनरेगा मेटों की विभिन्न लंबित समस्याओं एवं मांगों के निराकरण हेतु उच्च स्तर पर आवेदन-ज्ञापन सौंपा। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय झारिया के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से उनके भोपाल स्थित निवास पर शिष्टाचार भेंट की और मेटों की समस्याओं से अवगत कराते हुए हाथों-हाथ ज्ञापन प्रस्तुत किया।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष मेटों को मिल रहे अल्प मानदेय, भुगतान में देरी, सेवा शर्तों के अभाव तथा कार्यस्थलों पर मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से रखा। संगठन का कहना है कि मनरेगा मेट ग्रामीण विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, किंतु उन्हें अपेक्षित सम्मान और सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
इसके अलावा मनरेगा आयुक्त श्री अवि प्रसाद एवं मनरेगा उपायुक्त को भी विस्तृत आवेदन सौंपा गया। आवेदन में मेटों की सेवा संबंधी कठिनाइयों, मानदेय भुगतान की अनियमितता तथा कार्यस्थल व्यवस्थाओं में सुधार की मांग करते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई।
संगठन की प्रमुख मांगे है कि
मानदेय में वृद्धि एवं समयबद्ध भुगतान किया जाए, सेवा शर्तों का नियमितीकरण हो,सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ एवं कार्यस्थल सुविधाओं में सुधार,
मेटों की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
– प्रतिनिधिमंडल में शामिल
श्री संजय झारिया (प्रदेश अध्यक्ष), श्री दिनेश अहिरवार (प्रदेश सचिव), श्री अशोक शिवहरे (प्रदेश उपाध्यक्ष), श्री संदीप यादव (प्रवक्ता), श्री मधु यादव (संयोजक), श्री दारा सिंह चंद्रवंशी (ग्रुप एडमिन), श्रीमती चंद्रकला टेम्भूर्ने (सहसचिव), श्रीमती सरस्वती दुबे (सह मीडिया प्रभारी) एवं श्रीमती देववती कुशराम (सह सचिव) उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष श्री झारिया ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन प्रदेश स्तर पर लोकतांत्रिक आंदोलन की रणनीति अपनाने के लिए बाध्य होंगे।







