—Advertisement—

Dindori News: सूरजपुरा में श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ मनाई गई संत रविदास जयंती

रिपोर्ट: Chetram Rajpoot February 2, 2026

—Advertisement—

– सामाजिक समरसता और समानता का दिया गया संदेश, बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित

डिंडौरी । जिले के शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम सूरजपुरा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश देने वाला भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रताप सिंह आर्मो, बसपा जिला अध्यक्ष डिण्डौरी रहे। कार्यक्रम की शुरुआत संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद भजन-कीर्तन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें संत रविदास जी के जीवन, उनके उपदेशों और समाज सुधार में दिए गए योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

मुख्य अतिथि प्रताप सिंह आर्मो ने अपने संबोधन में कहा कि संत रविदास जी ने जाति-भेद और ऊँच-नीच से ऊपर उठकर मानवता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से संत रविदास जी के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में समस्त ग्रामवासी, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठजन, महिलाएं एवं युवा वर्ग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान प्रसाद वितरण भी किया गया। पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

ग्रामीणों ने एकजुट होकर संत रविदास जी के दिखाए मार्ग पर चलने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का सफल आयोजन ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न हुआ।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment