होम राज्य मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़़ क्राइम न्यूज इंटरनेशनल न्यूज कोर्ट न्यूज राजनीति संसदीय संपादकीय अर्थ जगत हेल्थ शिक्षा खेल विज्ञान

बिना हेलमेट नहीं मिलेगा पेट्रोल: कलेक्टर की सख्त चेतावनी, यातायात पुलिस ने बांटे हेलमेट

akvlive.in

Published

डिंडौरी न्यूज । जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यातायात पुलिस, जिला प्रशासन एवं समाजसेवियों के संयुक्त प्रयास से रविवार को एक सराहनीय पहल की गई। स्थानीय बस स्टैंड स्थित रानी अवंती बाई चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम में जरूरतमंद दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट वितरित किए गए। कार्यक्रम में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहिनी सिंह की उपस्थिति में हेलमेट वितरण किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों में हेलमेट पहनने के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना रहा।

पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने बताया कि हेलमेट वितरण उन वाहन चालकों को किया गया, जिनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन बीमा था, जो किसी सेवा में कार्यरत नहीं थे तथा आर्थिक रूप से हेलमेट खरीदने में असमर्थ थे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हेलमेट मिलने के बाद भी यदि कोई चालक चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट पाया गया तो उसके विरुद्ध और अधिक चालानी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी चालकों से अपील की कि वे बिना हेलमेट वाहन न चलाएं, क्योंकि हेलमेट जीवन की रक्षा करता है।

कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने हेलमेट वितरण करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि 1 फरवरी 2026 से जिले में बिना हेलमेट के किसी भी पेट्रोल पंप पर पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। यदि किसी पेट्रोल पंप द्वारा इस नियम का उल्लंघन किया गया तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान यमराज का भेष धारण किए समाजसेवी श्री प्रकाश राव द्वारा लगातार लोगों को हेलमेट पहनने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। उनकी टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात नियमों एवं हेलमेट के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे लोगों ने काफी सराहा। इस अवसर पर समाजसेवी रमेश राज्यपाल, अमजद खान एवं मनोज वर्मा (होंडा एजेंसी मोटर, समनापुर) ने भी हेलमेट वितरण कर आमजन से नियमित रूप से हेलमेट पहनने की अपील की। कार्यक्रम में पत्रकार “समय जगत” के ब्यूरो श्री राकेश मिश्रा को भी हेलमेट भेंट कर हमेशा उपयोग करने की सलाह दी गई।

हेलमेट वितरण कार्यक्रम में एसडीएम सुश्री भारती मरावी, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को, यातायात थाना प्रभारी सुभाष उइके, जनसंपर्क अधिकारी सूबेदार अभिनव राय, एएसआई रामस्वरूप विश्वकर्मा, खूब सिंह ठाकुर, आरक्षक राजन लोधी, धनपाल डोंगरे, भूपेंद्र दुलारे, रवि मरावी, कमलेश अहिरवार, आरपी कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जिले में यातायात नियमों के पालन एवं सड़क सुरक्षा को लेकर एक सशक्त संदेश दिया।

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत मध्यभूमि के बोल समाचार पत्र के संपादक हैं। 2013 से इस दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ने madhyabhoomi.in को विश्वसनीय समाचार स्रोत बनाया है, जो मुख्यधारा की मीडिया से अलग, विकास, समानता, आर्थिक और सामाजिक न्याय जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित है। हम सच्चाई और पारदर्शिता में विश्वास रखते हैं। मीडिया की स्वतंत्रता और निष्पक्षता को बनाए रखने के लिए सतत प्रयासरत हैं। बेखौफ कलम... जो लिखता है बेलिबास सच..