—Advertisement—

Dindori News: कलेक्टर नेहा मारव्या ने छात्रावासों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने जिला अधिकारियों को सौंपा सतत निरीक्षण एवं निगरानी का दायित्व

एडीटर: Chetram Rajpoot July 12, 2025

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज। जिले में संचालित समस्त शासकीय छात्रावासों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या ने अहम निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने समस्त जिला अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र अंतर्गत आने वाले छात्रावासों का सतत निरीक्षण करें तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे भोजन, पेयजल, सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, अध्ययन सामग्री एवं विद्युत आपूर्ति इत्यादि की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर नियमित और गंभीरता से किया जाना चाहिए, जिससे छात्रावासों में निवासरत विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि निरीक्षण रिपोर्ट की नियमित समीक्षा स्वयं उनके द्वारा की जाए।

श्रीमती मारव्या ने यह निर्देश भी दिए कि प्रत्येक अधिकारी छात्रावासों की वास्तविक स्थिति को समझें, विद्यार्थियों से संवाद करें और यदि किसी भी प्रकार की कमी या समस्या सामने आएं, तो उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि इस आदेश का पालन पूरी गंभीरता से किया जाए, लापरवाही की स्थिति में उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उनका कहना है कि छात्रावासों की व्यवस्था सुधारना प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है, क्योंकि यह बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माहौल से सीधे जुड़ा हुआ विषय है।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment