डिंडौरी। कलेक्टर श्रीमती नेहा मारव्या द्वारा निर्माणाधीन उपस्वास्थ्य केंद्र ग्राम धवाडोंगरी की गुणवत्ता को लेकर मिल रही शिकायतों एवं समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों को गंभीरता से लिया गया। इसी के तहत गठित जांच समिति के सदस्य एसडीएम बजाग श्री रामबाबू देवांगन ने आज उपस्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में निर्माण कार्य में यदि कोई लापरवाही पाई गई तो संबंधित एजेंसी पर सख्त प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाएगी।

इसके अलावा जांच समिति द्वारा प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद वितरण स्टॉक की जांच की गई और किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं जानी गईं। किसानों ने केंद्र के कार्य पर संतोष व्यक्त किया। किसानों की मांग पर एसडीएम श्री देवांगन ने पीएचई विभाग को केंद्र में पीने के पानी की व्यवस्था हेतु शीघ्र कनेक्शन प्रदान करने के निर्देश दिए।