—Advertisement—

गाड़ासरई में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई:  राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में बाधा बन रहे टीनशेड व अस्थायी ढांचों पर चला बुलडोज़र

एडीटर: Chetram Rajpoot June 18, 2025

—Advertisement—

डिंडौरी न्यूज | अमरकंटक मार्ग पर बन रहे राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्य में बाधा बन रहे अतिक्रमण पर प्रशासन ने आज सख्त रुख अपनाते हुए गाड़ासरई कस्बे के मुख्य मार्ग से अवैध टीनशेड व अन्य ढांचों को हटाने की बड़ी कार्रवाई की। राजस्व विभाग, राज्य सड़क प्राधिकरण जबलपुर और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने एसडीएम बजाग श्री रामबाबू देवांगन के नेतृत्व में यह अभियान चलाया।
गाड़ासरई में सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान देखा गया कि व्यापारियों द्वारा मुख्य मार्ग के दोनों ओर टीनशेड और अन्य अस्थायी संरचनाएं खड़ी कर ली गई थीं, जिससे न केवल यातायात में बाधा उत्पन्न हो रही थी, बल्कि जल निकासी की व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। लगातार मिल रही शिकायतों और निरीक्षण में सामने आई स्थितियों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्यवाही के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण कर बनाए गए सभी टीनशेड एवं अन्य संरचनाओं को हटाया गया। साथ ही व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे मुख्य सड़क से 30-30 फीट दूरी तक अपने सामान एवं ढांचे हटा लें, ताकि सड़क निर्माण और दोनों ओर नाली निर्माण का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण हो सके।
प्रशासन ने बताया कि यह नालियां वर्षा जल की समुचित निकासी में सहायक होंगी, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी। अधिकारी दल ने मौके पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी की और आवश्यक निर्देश भी जारी किए।

एडीटर

Chetram Rajpoot

चेतराम राजपूत ‘मध्यभूमि के बोल’ के संपादक हैं और दो दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। स्थानीय मुद्दों, भ्रष्टाचार के खुलासे और जमीनी खोजी पत्रकारिता के लिए उनकी पहचान है।...

Leave a Comment