– सूबे के समस्त पुलिस अधीक्षक और पुलिस आयुक्तों सहित रेलवे पुलिस से मांगी रिपोर्ट
– 16 जून तक समस्त थाने/चौकी में पदस्थ अधिकारियों की जानकारी मांगी
भोपाल न्यूज। पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश ने एक बार फिर एक ही थाना चौकी में दशकों से डटे आरक्षक से लेकर उप निरीक्षकों की जानकारी तलब की है, डीजीपी ने एक्स सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है कि” पुलिस थानों की कार्यप्रणाली प्रभावी, पारदर्शी, जनोन्मुखी बनाने एवं कार्यक्षमता में वृद्धि हेतु पुलिस अधिकारियों के ट्रांसफर एवं पदस्थापना के निर्देश पुलिस महानिदेशक द्वारा जारी किए गए हैं।
एक ही थाने में लंबी अवधि से पदस्थ अधिकारी हटाए जाएंगे।”

पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश भोपाल ने एक अहम आदेश जारी करते हुए प्रदेश के सभी जिलों में थानों में पदस्थ पुलिस कर्मचारियों की पदस्थापना अवधि को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं। निर्देश विशेष महानिरीक्षक (प्रशासन) द्वारा जारी किया गया है।
समस्त जिले के एसपी को निर्देश दिया गया है कि वे अपने जिले के सभी थानों में उक्त आदेशों का पालन करते हुए पदस्थ अधिकारियों की स्थिति की जांच कर 16 जून 2025 तक संबंधित रिपोर्ट ईमेल के माध्यम से भेजें। पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, अनुशासन और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

