होमराज्यमध्यप्रदेशछत्तीसगढ़़क्राइम न्यूजइंटरनेशनल न्यूजकोर्ट न्यूजराजनीतिसंसदीयसंपादकीयअर्थ जगतहेल्थशिक्षाखेल विज्ञान

Dindori News : जिले की बेटियों का राष्ट्रीय गौरव: खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में अभिलाषा और देवंती कर रही मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व

akvlive.in

Published

डिंडौरी |  देशभर में खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन 4 मई से 15 मई तक बिहार की राजधानी पटना में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में 28 विभिन्न खेलों के अंतर्गत लगभग 8000 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इस गौरवशाली आयोजन में मध्यप्रदेश की ओर से डिंडौरी जिले की दो होनहार बेटियां — देवंती पुशाम, पिता आनंद सिंह पुशाम, और अभिलाषा परस्ते, पिता आनंद सिंह — सेपक टकरा खेल में 18 वर्ष आयु वर्ग में प्रतिभाग कर रही हैं। ये दोनों बालिकाएं जनजाति कार्य विभाग के अंतर्गत संचालित सीएम राइज विद्यालय की छात्राएं हैं और पूर्व में भी वर्ष 2024-25 में स्कूल गेम्स फेडरेशन के अंतर्गत मणिपुर में राष्ट्रीय स्पर्धा में जिले का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
इन बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे लाने में सेपक टकरा की कोच श्रीमती रमा साहू का योगदान सराहनीय रहा है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि 21 अप्रैल 2025 को भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम में आयोजित चयन ट्रायल्स में दोनों बालिकाओं ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर विशेषज्ञों द्वारा उन्हें मध्यप्रदेश दल के लिए चयनित किया गया। चयन उपरांत 23 अप्रैल से 2 मई तक ग्वालियर में विशेष तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया और 2 मई को मध्यप्रदेश की टीम बिहार के लिए रवाना हुई।
अभिलाषा और देवंती के इस उल्लेखनीय चयन पर जिलेभर में उत्साह की लहर है। विकासखंड शिक्षा अधिकारी पी. डी. पटेल, प्राचार्य यशवंत साहू, शिक्षक दिनेश श्रीवास्तव, प्रशिक्षक अनिल लोधी, नवीन खरगाल, जागेश्वर नंदा, परवेज़ खान सहित कई शिक्षा एवं खेल से जुड़े लोगों ने छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
यह उपलब्धि न केवल डिंडौरी जिले के लिए गर्व की बात है, बल्कि यह जनजातीय समुदाय की बालिकाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है, जो यह दर्शाती हैं कि सही मार्गदर्शन, समर्पण और कड़ी मेहनत से हर सपना साकार हो सकता है।